जिला कलक्टर ने ईसरदा-दौसा पेयजल परियोजना के प्रगतिशील कार्यों का निरीक्षण किया

जिला कलक्टर देवेंद्र कुमार ने शुक्रवार को ईसरदा-दौसा पेयजल परियोजना के पैकेज प्रथम के अंतर्गत प्रगतिशील कार्यों का निरीक्षण किया। जिला कलक्टर ने इस दौरान डिडवाना आरओबीपी (रेलवे क्रॉसिंग), ग्राम राहुवास में पाइप लाइन बिछाने के लिए किए जा रहे एचडीडी कार्य एवं मोरल नदी पर पाइप लाइन क्रॉसिंग तथा बगड़ी पंप हाउस का अवलोकन किया। उन्होंने परियोजना के अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार सिंह, अधिशाषी अभियंता जगन प्रसाद मीणा एवं अन्य विभागीय अधिकारियों को डिडवाना आरओबीपी एवं मोरेल नदी क्रॉसिंग का कार्य आगामी फरवरी माह के अंत तक पूर्ण करने के निर्देश प्रदान किए। साथ ही, बगड़ी पंप हाउस से संबंधित समस्त कार्य मार्च तक पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर देवेंद्र कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि विभाग यह सुनिश्चित करे कि संपूर्ण परियोजना आगामी ग्रीष्म ऋतु के प्रारंभ होने से पूर्व पूर्णता की अवस्था में पहुंच जाए, जिससे दौसा जिले में गर्मियों के दौरान जलापूर्ति संकट का प्रभावी समाधान किया जा सके। उन्होंने कार्य की निर्धारित समय सीमा के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के लिए कार्य बल एवं मशीनरी में आवश्यक वृद्धि, निर्माण गतिविधियों की नियमित निगरानी तथा संबंधित एजेंसियों के मध्य समुचित समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी प्रदान किए।
