गुरुर्साक्षात् परब्रह्म तस्मै श्री गुरुवे नम… चहुंओर बही आस्था की बयार


गुरु पूर्णिमा पर शिष्यों ने किया गुरु का चरण वंदन, नवदीक्षा भी दी
लालसोट. गुरु पूर्णिमा का पर्व गुरुवार को श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया। क्षेत्र के सभी आश्रम और मंदिरों में गुरुओं का चरण वंदन कर आशीर्वाद लिया गया। उनको वस्त्र, नारियल व दक्षिणा भेंट की गई। इसके चलते सुबह से ही सभी आश्रम व मंदिरों पर चहल पहल बनी रही। सुबह तेज गर्मी और उमस एवं बाद में शाम को बारिश भी गुरु शिष्य के मिलन को नहीं रोक पाई। शिष्यों ने गुरुओं से गुरू दीक्षा ली और गुरुओं ने भी आर्शीवाद देते हुए शिष्यों की खुशहाली की कामना की। विधायक रामबिलास मीना रालावास गणेश धाम एवं गांगल्यावास स्थित कंवलदास महाराज के आश्रम समेत कई धार्मिक स्थानों पर पहुंच कर संत महात्माओं का आर्शिवाद लिया एवं भंडारों में प्रसादी वितरण भी किया।

क्षेत्र बिनोरी गांव स्थित पर्णकुटी आश्रम पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की तांता बना रहा। श्रद्धालुओं एवं शिष्यों ने संत मदनमोहन दास महाराज की चरण वंदना करते हुए उनका आर्शीवाद भी लिया। इस मौके पर आयोजित प्रसादी भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने पंगत प्रसादी जीमी।
निर्झरना काली डूंगरी रामजानकी धाम पर गुरु पूर्णिमा का पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने महंत अवधेशदास महाराज की वंदना करते हुए उनका आर्शीवाद भी लिया। यहां सैकड़ों जने आर्शीवाद लेने पहुचें। भंडारे में 10 हजार से भी अधिक श्रद्धालुओं ने पंगत प्रसादी ग्रहण की। प्रसादी वितरण कार्य में दर्जनों कार्र्यकर्ता जुटे रहे ।